महाराजपुर के तिलसहरी-टौंस मार्ग में सराफा व्यापारी से चार लाख के जेवर और नकदी लूट की हुई वारदात के 23 मिनट बाद लुटेरे नरवल मोड़ के पास से गुजरते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। दो दिन पूर्व महाराजपुर पुलिस ने व्यापारी अनिल वर्मा से हुई लूट का मामला दर्ज किया था।
डीसीपी पूर्वी ने वारदात के खुलासे के लिए चार टीमों को गठित किया था। पुलिस को कैमरों के दो फुटेज ऐसे मिले हैं जिसमें आरोपी वारदात के 23 मिनट बाद नरवल मोड़ के पास से गुजरते हुए दिखाई दिए हैं। व्यापारी नेता महेश वर्मा ने बताया कि यदि दो दिन के भीतर वारदात का अनावरण नहीं किया जाता तो वह पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मुलाकात कर शिकायत करेंगे। व्यापारी नेता ने कहा कि सीपी से मिलने के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ डीजीपी से मुलाकात करेंगे।