फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: बारिश में बिगड़ी सड़कों की सूरत, कई जगहों पर गड्ढे हो गए, तो कई का पैचवर्क बह गया

Sun, 24 Jul 2022 09:20 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
जलभराव - फोटो : संवाद
विज्ञापन

पहले से ही खस्ताहाल कानपुर की सड़कों की हालत तीन दिन की बारिश के बाद और बदतर हो गई है। कई सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं, तो कई का पैचवर्क बह गया। ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क तो चलने लायक नहीं बची। उधर नगर निगम ने उखड़ी पड़ी कुछ सड़कों पर पैचवर्क के नाम पर मलबा डालकर मुसीबत और बढ़ा दी है। ऊबड़ खाबड़ रास्ते में लोग गिर रहे हैं। हमारे चार रिपोर्टर ने शहर की चार सड़कों की पड़ताल की तो यह हकीकत सामने आई। 

विज्ञापन


तीन दिन से भरा है मरियमपुर-विजय नगर रोड पर पानी
इस रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा से लेकर प्रभु आस्था अपार्टमेंट से लेकर आईसीआईसीआई बैंक के पास तक सड़क पर तीन दिन से पानी भरा है। इसकी वजह सड़क के किनारे का नाला ऊंचा होना और फुटपाथ पर मलबा पड़ा होना है। इस वजह से सड़कों पर गड्ढे भी हो गए हैं। यह सड़क दो साल पहले पीडब्ल्यूडी ने बनवाई थी।

जेके मंदिर से पांडु नगर जाने वाली सड़क पर डाला मलबा 
जेके मंदिर से पांडु नगर ईएसआई अस्पताल रोड पर दो महीने पहले पैचवर्क कराया गया था। तीन दिन की बारिश में दोबारा गड्ढे हो गए। नगर निगम ने गड्ढे पाटने के लिए मलबा डालकर चले गए। काकादेव निवासी आशीष चौहान सहित कई दोपहिया वाहन सवार गिर गए। कुछ को मामूली रूप से चोट भी आई। 

विज्ञापन

ट्रांसपोर्ट नगर में गोदामों में घुसा पानी
ट्रांसपोर्ट नगर की दोनों प्रमुख सड़कों की हालत बदतर है। पीडब्ल्यूडी 18 करोड़ रुपये से आठ महीने से दोनों सड़क बनवा रहा है, पर ठेकेदार ने अभी तक आधी-आधी सड़कें ही बनाई हैं। एक-एक पट्टी बनी होने से चालक उसी पर ट्रक खड़े कर देते हैं, जबकि आधी-आधी गड्ढायुक्त पुरानी सड़क की हालत बदतर हो गई है। रोज घंटों जाम लगता है। 

कल्याणपुर स्टेशन रोड पर गड्ढे 
कल्याणपुर रेलवे क्रासिंग से कल्याणपुर स्टेशन रोड पर 100 मीटर आगे बढ़ते ही रेलवे की बाउंड्री के पास सड़क तीन दिन से पानी भरा है। नालियां चोक होने से सड़क पर गड्ढे होने लगे हैं। कई जगह गिट्टी भी उखड़ने लगी है। इससे यात्रियों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। पैदल आने-जाने वाले गंदे पानी से होकर आने-जाने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

बातचीत

सड़क बनाते समय इसके किनारे नालियां नहीं बनाई गईं। इस वजह से बारिश होते ही पानी भर जाता है। पिछले साल बरसात में यह सड़क टूट गई थी, तब पैचवर्क कराया था। तीन दिन से पानी भरने की वजह से गड्ढे होने लगे हैं। - नितिन, शास्त्रीनगर

मैं पांडु नगर स्थित कार्यालय में ड्यूटी के लिए आते समय सड़क पर पड़े ईंटों की वजह से बाल-बाल गिरते बचा। पैचवर्क के नाम पर सड़क पर ईंटें डालने से हादसे हो रहे हैं। इन्हें तत्काल हटाना चाहिए।- सुनील वाजपेयी, एमआईजी कालोनी, बर्रा

ठेकेदार का काम सुस्त है। वह कहता है भुगतान नहीं हो रहा। एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल 13 जुलाई को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से मिला था। उन्हें व्यथा बताते हुए दोनों सड़कें  जल्द बनवाने का आग्रह किया है।- अजय कपूर, प्रदेश अध्यक्ष, यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन

जोनवार गैंग लगा रहा हूूं। ये गैंग अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों का निरीक्षण करेंगे। जहां-जहां सड़कों पर पानी भरा होगा, वहां पानी निकासी की व्यवस्था कराऊंगा, ताकि सड़कें न टूटें। जोनल अभियंताओं को भी सक्रिय किया गया है।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त

मैं हाल में स्थानांतरित होकर आया हूं। जिन सड़कों पर पानी भर रहा है, उनका पता लगवाकर पानी निकासी की व्यवस्था करवाऊंगा। जिन सड़कों के किनारे नालियां नहीं बनी हैं, वहां नालियां बनेंगी। जहां नालियां बनी हैं, उनकी सफाई के लिए नगर निगम को पत्र लिखूंगा।- परवेज अहमद, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें