बिल्हौर में बिकरू से सटे कांशीराम नेवादा गांव के पास दो बाइकों पर सवार छह लोगों ने पुलिस पर हमला किया था। मामले में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
बिल्हौर में बिकरू पुलिस चौकी क्षेत्र के कंजती मोड़ पर शनिवार शाम दो दरोगाओं पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। बिकरू पुलिस चौकी के प्रभारी अनूप कुमार गौतम व दरोगा शैलेंद्र सिंह राघव शनिवार शाम कंजती मोड़ पर स्थित शराब ठेके पर शराबियों के हंगामा करने की सूचना पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
वहां मौजूद शराबियों को खदेड़ने के बाद दोनों दरोगा पुलिस चौकी लौट रहे थे। रास्ते में बिकरू और कांशीराम नेवादा गांव के पास सुनसान सड़क पर तीन बाइकों पर सवार छह लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया था। दोनों ने खेत में छिपकर जान बचाई थी। उनकी सूचना पर जब थाने से पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गए थे।
दरोगा शैलेंद्र राघव की तहरीर पर गांव के कोमल, अविरल, मंगल और छोटे के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व गालीगलौज करने सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश पांडेय ने बताया कि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें दबिश दे रही हैं।