मौके से फटा हुआ एक बोरी का बैग भी मिला
यह सिलिंडर सेंट्रल स्टेशन से महज दो किलोमीटर दूर कैंट क्षेत्र में पड़ा हुआ था। सूचना पर कैंट, रेलबाजार, चकेरी पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। सिलिंडर को आसपास के लोगों ने बुझा दिया था। यह सिलिंडर रेलवे ट्रैक संख्या 1017 डीएल-16 के किनारे पड़ा हुआ था। पुलिस को मौके से फटा हुआ एक बोरी का बैग भी मिला है। उसमें भगौना, तवा, कटोरी, चम्मच, मोबाइल, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज थे।
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और आरपीएफ
- फोटो : amar ujala
किसी मजदूर के बैग से गिरने की आशंका
आधार कार्ड प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का है। यह बैग फेंका गया या फिर गिर गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने प्रतापगढ़ स्थित उनके घर से पता कराया था, जिसमें उनके बेटे ने पिता के दिल्ली से घर लौटने की जानकारी दी। ओम प्रकाश मिश्रा दिल्ली में गार्ड की नौकरी करते हैं। आरपीएफ के सीओ विवेक वर्मा ने बताया कि ट्रेन से किसी मजदूर के बैग से गिरने की आशंका है। पुलिस और आरपीएफ जांच कर रही है।
गैस लीक होने पर सिलिंडर फेंकने की आशंका
पुलिस विशेषज्ञों ने गैस लीकेज होने पर यात्रियाें द्वारा सिलिंडर को ट्रेन से बाहर फेंकने की आशंका जताई है। सिलिंडर के एक किनारे पर बड़ा सा छेद बना है, जिससे तेजी से गैस रिसने और आग लगने की आशंका जता रही है। बैग में मोबाइल और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे यह कार्य आनन फानन में किया गया है।
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और आरपीएफ
- फोटो : amar ujala
हो सकता था बड़ा हादसा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक महाबोधी एक्सप्रेस नई दिल्ली से सेंट्रल स्टेशन की ओर जा रही थी। इस जगह पर ट्रेन की रफ्तार ठीक ठाक रहती है। ऐसे में सिलिंडर के एकदम ट्रेन के नजदीक फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। सिलिंडर ट्रैक से लगभग सात फिट की दूरी पर झाड़ियों के किनारे जल रहा था।
पूर्व में मिल चुके सिलिंडर
- बर्राजपुर स्टेशन के नजदीक कालिंदी एक्सप्रेस से एलपीजी भरा गैस सिलिंडर टकराया था।
- गोविंदपुरी स्टेशन से आगे झांसी रेलवे लाइन पर फायर सेफ्टी सिलिंडर मिला था।
- महाराजपुर के पास प्रयागराज रूट पर पांच लीटर का खाली सिलिंडर मिला था।
- गोविंदपुरी स्टेशन और पनकी स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे फायर सेफ्टी सिलिंडर मिला था।