कानपुर के बर्रा जरौली फेज दो में बेजुबान को पीटकर हत्या करने के मामले में पशु प्रेमियों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बुधवार सुबह पशु प्रेमियों को पता चला कि चार माह के पिल्ले को किसी ने बुरी तरह से पीटकर सड़क पर मरने के लिए छोड़ दिया। सभी उसे पशु क्लीनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने भी मारपीट की पुष्टि की।
पिटाई से पिल्ले के अंदरूनी अंगों से खून बहने के कारण कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इस पर उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पशु प्रेमी संस्थाओं से संपर्क साधा।
टीम कानपुर फॉर वाइसलेस, सेवा दान फाउंडेशन, स्पेशल ट्रीटमेंट फॉर एनिमल्स एंड रेप्टाइल्स सोसाइटी ने मिलकर गुरुवार को थाने में पशु क्रूरता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि पिल्ले को पीटकर हत्या करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पशु प्रेमी हर्षित, अमन, आन्या, तमन्ना, पल्लवी, ज्ञानेंद्र अवस्थी आदि मौजूद रहे।