कानपुर में श्री गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव पर आज से शहर में डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आठ प्रमुख रास्तों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
इस तरह रहेगी व्यवस्था
- घंटाघर की तरफ से आने वाले वाहन बांसमंडी नहीं जा सकेंगे। यह चाचा नेहरू चौराहे से कोपरगंज होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- अफीमकोठी से मूलगंज जाने वाले वाहन डिप्टी पड़ाव की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन्हें कोपरगंज तिराहा, टाटमिल और घंटाघर होकर मूलगंज की तरफ जाना होगा।
- जरीब चौकी चौराहे से चंद्रिका देवी और डिप्टी पड़ाव से घंटाघर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। यह वाहन कोपरगंज तिराहा और टाटमिल चौराहे से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- शनिदेव मंदिर चौराहे से कबाड़ी मार्केट होकर वाहन गुमटी नंबर पांच नहीं जा सकेंगे। इन्हें मनोज पान भंडार से यू-टर्न लेकर जेके मंदिर के पीछे से थाना नजीराबाद होकर जाना होगा।
- अशोकनगर चौराहे से मोतीझील होकर रॉयल क्लिफ (आरसी होटल) जाने वाले वाहनाें पर प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें अशोकनगर चौराहे से हर्षनगर तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा।
- आरसी होटल से मोतीझील की तरफ कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा।
- मोतीझील मेट्रो स्टेशन और शिवाजी द्वार से केडीए व नगर निगम की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें गोल चौराहा और हर्ष नगर की तरफ से अपने गंतव्य तक जाना होगा।
- अशोक नगर चौराहे से मोतीझील की तरफ सभी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंधित रहेगा। यह वाहन हर्ष नगर होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।