कानपुर में पत्नी से त्रस्त होकर घर छोड़कर गए युवक को पुलिस ने 17 साल बाद मथुरा से बरामद किया। पत्नी ने कुछ दिन पहले ससुर पर ही हत्या का आरोप लगाया था, जांच में जुटी युवक तक पहुंच गई। युवक ने पुलिस को बताया कि पत्नी के आए दिन विवाद करने से तंग आकर वह सब कुछ छोड़ कर चला गया था।
सजेती के लहुरीमऊ निवासी पप्पू अवस्थी वर्तमान में 40 वर्ष के हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जब उनकी उम्र 23 वर्ष थी तो पत्नी सुमन से आए दिन होने वाले विवाद से त्रस्त होकर घर छोड़ने का फैसला लिया और चुपचाप चले गए। परिजनों ने उन्हें सालों खोजने का प्रयास किया। अंत में थक हार कर मान लिया गया कि उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद पत्नी व परिवार के दस्तावेजों में भी उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, पप्पू मथुरा में जाकर किराये के कमरे में रहने लगा और एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी शुरू कर दी।
इसलिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
पप्पू की पत्नी सुमन ने कुछ समय पहले महिला आयोग में शिकायत करते हुए ससुर जगतनारायण, जेठ सुरेश व वीरेंद्र पर 17 साल पहले पति पप्पू की हत्या करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। करीब एक सप्ताह पूर्व महिला आयोग ने पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
एक मिस्ड कॉल से खुला रहस्य
थाना प्रभारी नीरजबाबू ने जांच शुरू कर पूछताछ के लिए आरोपी ससुर जगतनारायण को थाने बुलाया। उसने पुलिस को बताया कि करीब छह माह पहले एक नबंर से मिस्ड काल आई थी। पुलिस ने उस नंबर को ट्रैक किया तो वह मथुरा का निकला। इस पर पुलिस ने मथुरा पुलिस से संपर्क कर पप्पू अवस्थी को खोज निकाला। वह फैक्टरी में नौकरी करता मिला। पप्पू को बरामद करने वाली टीम में सजेती थाना प्रभारी नीरज बाबू, एसआई पंकज सिंह, एसआई कृष्ण कुमार व अभिषेक दुबे शामिल रहे।