कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर शहर में अलर्ट जारी है। बुधवार से स्वास्थ्य विभाग शिक्षण संस्थानों और कालेजों के हॉस्टल में रह रहे कर्नाटक, केरल और दूसरे प्रांतों से आने वाले छात्रों की सैंपलिंग करेगा। इसके साथ ही हैलट के मैटरनिटी विंग में ओमिक्रॉन के लिए डेडिकेटेड हॉस्पिटल बना दिया गया।
अभी 22 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर चौकसी बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं। डीएम विशाख जी. ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक बुलाक र कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेश से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखें।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सूची तैयार करके प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाए। ओमिक्रॉन रोगियों के लिए डेडिकेटेड भवन में आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि डेडिकेटेड अस्पताल और कोविड लैब में जांचें बढ़ाने के लिए स्टाफ और संसाधन के संबंध में डीएम को प्रस्ताव दिया गया है।
मैटरनिटी विंग के टॉप फ्लोर को डेडिकेटेड अस्पताल बना दिया गया है। सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि बाहर से आने वालों पर नजर रखी जा रही है। टीमें रैंडम सैंपलिंग भी कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सूची अभी नहीं आई है।