कानपुर में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और जिले की लगातार गिरती रैंकिंग पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिले के 75 अधिकारियों को नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की गई है। अब केवल पोर्टल पर निस्तारण रिपोर्ट अपलोड करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी, बल्कि मौके पर जाकर जांच और शिकायतकर्ता से सीधा संवाद करना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के तहत जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी रोजाना सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान उन्हें अपनी सीट नहीं छोड़नी होगी। जनसुनवाई में मिलने वाले सभी प्रार्थना पत्र आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज होंगे। हर शिकायत के निस्तारण में फील्ड विजिट, जीपीएस टैग वाली फोटो और संबंधित साक्ष्य अपलोड करने होंगे।