खरेला (महोबा)। कस्बा के मानिक मोहल्ला में हुई मासूम की हत्या को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने खरेला-मुस्करा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ चरखारी तेज बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मासूम के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ और छह घंटे बाद जाम खुल सका। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
मानिक मोहल्ला में सरसों के एक खेत में मासूम प्रथम का शव मिलने की सूचना पाकर परिवार व गांव के लोग वहां पहुंच गए। प्रथम के गले में कपड़ा कसा देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन लोगों ने खरेला-मुस्करा मार्ग पर कटीले झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के दौरान कई राहगीरों से बदसलूकी की गई। शाम करीब पांच बजे सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। इस दौरान उरई, हमीरपुर और महोबा समेत आसपास के जिलों की तरफ जाने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। जाम खुलने के बाद पुलिस ने वाहनों को एक-एक कर गतंव्य की ओर रवाना किया।