कानपुर के कुली बाजार में पड़ोसी रिश्तेदारों ने छत पर सो रहे कसाई की रंजिश के चलते चापड़ से काटकर हत्या कर दी। हत्या के मामले में जेल में बंद कसाई आठ माह पहले ही जमानत पर बाहर आया था। सुबह भाई उसे उठाने छत पर पहुंचा तो घटना का पता चला।
मां की तहरीर पर अनवरगंज थाना पुलिस ने पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। कुरियाना मोहल्ला निवासी बशर (25) पेशे से कसाई है और खुद का तांगा भी चलाता है। वह चार भाइयों बउवे, महफूज व हसीन राजा में सबसे बड़ा था।
मां मीना ने पुलिस को बताया कि रविवार को बशर छत पर सो रहा था। सुबह बेटा महफूज उठाने गया तो बशर का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा मिला। बशर के चेहरे पर हथियार से कई वार किए गए थे। मीना के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले उनके रिश्तेदार मुन्ना कंपट के भाई जुबैर की 2018 दिसंबर में हत्या हुई थी।
हत्या के आरोप में बशर जेल में था। जमानत पर बाहर आने के बाद मुन्ना कंपट ने भांजे शादाब, रईस हजारा, छोटे भाई उजैर व उजहर के साथ मिलकर हत्या का बदला लेने के लिए उसे मार डाला। पुलिस ने शादाब व उजैर को हिरासत में लिया है।