मम्मी, पापा, दीदी मुझे माफ कर देना। मैं कुछ दिनों से बहुत तनाव में हूं और अब मैं यह तनाव बर्दाश्त नहीं कर पा रहा हूं... क्योंकि मैं आप सब लोगों को और परेशान नहीं देख सकता हूं, इसलिए जान दे रहा हूं...। इन बातों को सुसाइड नोट में लिख कर बर्रा में सराफ अमित सोनी (27) ने फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को फंदे से उतारा। सुसाइड नोट में लेनदेन का जिक्र होने के चलते सराफ के सूदखोरी से तंग आकर खुदकुशी करने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
बर्रा के ठाकुर चौराहे के पास किराये पर रहने वाले अमित सोनी की बर्रा आठ में कांति ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। चाचा हरिओम ने बताया कि रविवार सुबह उसकी मां अनीता बेटे को उठाने उसके कमरे में पहुंची तो दरवाजा बंद पाया। खिड़की से झांककर देखा तो अमित का शव साड़ी से बने फंदे के सहारे पंखे के कुंडे से लटक रहा था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा। फोरेंसिक टीम ने अमित का मोबाइल, जेब से मिला सुसाइड नोट आदि साक्ष्य जुटाए। सुसाइड नोट में अमित ने लिखा कि उसके लेनदेन का उसके परिजनों से कोई लेनादेना नहीं है।
जो भी लेनादेना था वो उसके साथ ही खत्म हो गया है। चाचा के अनुसार नवंबर में उसकी शादी श्यामनगर निवासी युवती से होनी थी। अमित दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर की बहन रितु की शादी हो चुकी है। तीसरे नंबर का भाई मोहित एयरफोर्स में चेन्नई में तैनात हैं। चौथे नंबर की बहन नीलू बस्ती में लेखपाल हैं व सबसे छोटी बहन प्रिया बिहार में अमीन पद पर तैनात हैं। थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि अमित का परिवार मूलरूप से फतेहपुर के चौक थाना क्षेत्र के अब्दुल गनी कटरा का रहने वाला है। सुसाइड नोट में लेनदेन का जिक्र है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।