बरेली का एक युवक हनुमंतविहार थाना क्षेत्र निवासी महिला को ब्लैकमेल कर डेढ़ साल तक दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने अश्लील वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मूलरूप से इटावा के बकेवर भरथना निवासी युवती की शादी हनुमंतविहार थाना क्षेत्र के चप्पल व्यापारी के साथ हुई थी, जिनसे एक बेटी और बेटा है।
महिला ने बताया कि तीन साल पहले वह बच्चों संग मायके से घर लौट रही थी। रास्ते में बस में बरेली के इज्जत नगर का प्रांशू नाम का युवक बेटी से बातचीत करने लगा और बेटी से मोबाइल नंबर ले लिया। पीछा करते हुए वह घर के बाहर तक आ गया। आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले प्रांशू ने उनके बच्चे को अगवा कर लिया।
बच्चे की तलाश कर ही रही थीं तभी प्रांशू का फोन आया और बच्चे की सलामती के लिए उन्नाव के एक होटल में बुलाया। यहां उसने पहले दुष्कर्म किया और फिर अश्लील वीडियो बनाने के बाद बच्चे को वापस दिया। इसके बाद से वह ब्लैकमेल करते हुए शोषण करता रहा। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि पीडिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट व दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।