आरबीआई ने पीएनबी पांडुनगर और यूनियन बैंक सर्वोदयनगर के शाखा प्रबंधकों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सरकारी खजाने में 100-100 के 28 जाली नोट जमा कराने पर कार्रवाई हुई है।
कानपुर में दो बैंक शाखाओं में जाली नोट जमा होने का मामला सामने आया है। पंजाब नेशनल बैंक पांडुनगर और यूनियन बैंक सर्वोदयनगर में सौ-सौ के 28 जाली नोट करेंसी चेस्ट तक पहुंच गए। इस पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने दोनों शाखा के मैनेजरों के खिलाफ काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
आरबीआई के दावा अनुभाग के प्रबंधक की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार पीएनबी पांडुनगर और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सर्वोदयनगर शाखा से मार्च 2023 तक करेंसी चेस्ट में सौ-सौ के 29 जाली नोट पहुंचे। इनमें पीएनबी की पांडुनगर शाखा से दो बार में 100 रुपये के 14 व नौ जाली नोट भेजे गए, जबकि यूनियन बैंक की सर्वोदयनगर शाखा से पांच जाली नोट भेजे गए। चूंकि ज्यादातर शाखाओं में नकली नोट पकड़ने के लिए मशीनें मौजूद हैं।
साथ ही बैंक स्टाफ को असली और जाली नोट में फर्क करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। ऐसे में इस बात की जांच की जाएगी कि नकली नोट जमा करने में कहीं बैंक कर्मचारियों-अधिकारियों की भूमिका तो नहीं। इसी को देखते हुए आरबीआई ने दोनों बैंकों के शाखा प्रबंधकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर काकादेव विनय शर्मा ने बताया कि दोनों बैंक के अधिकारियों से पूछताछ के बाद कर्मचारियों-अधिकारियों और जमा कराने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।