बनाया जा रहा है 23.2 किलोमीटर लंबा रूट
यूपीएमआरसी की ओर से 23.8 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 14 स्टेशनों के बीच मेट्रो ट्रेन चलने लगी है। कॉरिडोर एक में 23.2 किलोमीटर लंबा रूट बनाया जा रहा है। यह कानपुर सेंट्रल से ट्रांसपोर्टनगर तक भूमिगत और उसके आगे जूही हमीरपुर रोड में श्याम पैलेस के सामने से नौबस्ता में गल्ला मंडी के पास तक एलिवेटेड रहेगा। इसी तरह कॉरिडोर दो में सीएसए से काकादेव, डबल पुलिया, विजयनगर होते हुए 8.6 किलोमीटर लंबे रूट का निर्माण बर्रा में चल रहा है।
अधिकारी कर चुके हैं संयुक्त निरीक्षण
पिछले साल यूपीएमआरसी, केडीए और राइट्स के अधिकारियों ने निरीक्षण किया था, तब नौबस्ता मेट्रो स्टेशन को कर्रही रोड होते हुए 5.9 किलोमीटर दूर बर्रा-8 मेट्रो स्टेशन से जोड़ने की योजना थी। एलिवेटेड मेट्रो रूट निर्माण की अनुमानित कीमत 1799.6 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
कॉरिडोर एक को बढ़ाने की मांग पर बढ़ा सर्वे
नौबस्ता से बिधनू की तरफ और वहां से बर्रा विश्व बैंक कॉलोनी क्षेत्र में आबादी लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों की तरफ से वहां भी मेट्रो ट्रैक तैयार कर दोनों रूटों को एक दूसरे से जोड़ने की मांग की जा रही थी। केडीए ने शासन के निर्देश पर राइट्स से वहां मेट्रो रूट विस्तार के लिए सर्वे कराया। सर्वे का खर्च 88 लाख रुपये आया।
आबादी, परिवहन के आधार पर हुआ सर्वे
राइड्स के एजीएम पुष्पेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने सर्वेयर रवि और अन्य की टीम बनाकर मेट्रो रूट विस्तार के लिए सर्वे किया। सबसे पहले अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट (एएआर) तैयार हुई। इसमें क्षेत्र, आबादी, आवागमन के साधन, सार्वजनिक परिवहन की जरूरत, लोगों से बातचीत आदि को आधार बनाकर चार बिंदुओं पर अध्ययन किया गया। यह भी देखा गया कि क्या वहां सिटी बसें चलाई जाएं? या मोनो रेल चलाई जाएं या मेट्रो रेल चलाई जाए? या कुछ अन्य विकल्प? चारों मामलों में 100 - 100 नंबरों को आधार बनाकर सर्वे किया गया तो सर्वाधिक 78 नंबर मेट्रो रेल विस्तार के लिए मिले। मेट्रो रूट विस्तार के लिए संभावित रूट का सर्वे किया गया, जिसमें कॉरिडोर एक को कॉरिडोर दो से जोड़ने पर सहमति बनी।
कॉरिडोर एक के नौबस्ता एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन को कॉरिडोर दो के बर्रा आठ एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिए राइट्स ने सर्वे पूरा कर लिया है। इसका अध्ययन किया जा रहा है। रिपोर्ट यूपीएमआरसी को सौंपी जाएगी, वही निर्माण कराएंगे। राइट्स ने ही मेट्रो के कॉरिडोर एक और कॉरिडोर दो की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई थी। -मदन सिंह गर्ब्याल, उपाध्यक्ष, केडीए