कानपुर में शनिवार शाम के पांच बजे होंगे। तभी जीटी रोड से गुजर रहे लोगों को गीता नगर स्टेशन के पास ट्रैक पर मेट्रो ट्रेन की पहली झलक दिखाई दी। फिर क्या, जो जहां था रुक गया और पहली बार असल ट्रैक पर आई मेट्रो ट्रेन को निहारने लगा।
फोटो खींचे, वीडियो बनाए। विकास के पथ पर मेट्रो के रूप में आगे बढ़ते कानपुर को देखकर खुशी भी जाहिर की। गुरुदेव चौराहे के पास मेट्रो डिपो के वर्कशाप में कई टेस्ट के बाद पहली मेट्रो ट्रेन (प्रोटोटाइप ट्रेन) को रैंप पर चढ़ाकर मुख्य ट्रैक पर गीता नगर स्टेशन के पास क्रासओवर पर लाया गया।
इसके बाद तीन किमी दूर स्थित यूनिवर्सिटी स्टेशन तक गई और वापस आई। इस तरह कुल छह किमी का ट्रायल किया गया। परीक्षण के लिए कई सेंसर भी लगाए गए हैं। पहले ट्रायल गुरुवार को होना था, लेकिन कुछ कारणों की वजह से शुक्रवार को और फिर शनिवार को ट्रायल करना तय हुआ।