आईआईटी स्थित मेट्रो स्टेशन को फूलों से सजाया गया
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मेट्रो के लोकार्पण के मद्देनजर सभी स्टेशनों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। केसरिया पट्टियों के बीच तिरंगे रंग के कपड़ों से सजावट की गई है। रविवार को एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) ने इन्हें अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
खासकर आईआईटी से गीता नगर तक के स्टेशनों में यूपीएमआरसी के अधिकारियों, कर्मियों के अलावा अन्य सभी का प्रवेश वर्जित कर दिया है। एसपीजी ने फोटो खींचने पर भी रोक लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर को आईआईटी मेट्रो स्टेशन से गीता नगर तक मेट्रो ट्रेन से सफर करेंगे।
इसके बाद निराला नगर सभास्थल से बटन दबाकर मेट्रो का लोकार्पण करेंगे। आईआईटी मेट्रो स्टेशन पर एलसीडी लगाई जा रही है। इसमें सभास्थल से लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। इसी स्क्रीन पर पीएम बटन दबाने के बाद हरी झंडी दिखाकर मेट्रो का लोकार्पण करते नजर आएंगे। यह देख चालक मेट्रो ट्रेन आगे बढ़ाएगा।
प्रदर्शनी में संजोया गया मेट्रो का सफर
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन ने आईआईटी मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शनी लगाई है। लकड़ी के फ्रेम में बने 11 इलेक्ट्रानिक पैनलों के माध्यम से मेट्रो के शिलान्यास से लेकर अब तक के सफर को प्रदर्शित किया गया है। पहले पैनल में ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो है और नीचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नारियल फोड़कर शिलान्यास करते नजर आ रहे हैं।
इसमें संक्षेप जानकारी दी गई है। दूसरे पैनल में कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन के साथ ही आसपास के अपार्टमेंट प्रगति दर्शाते नजर आ रहे हैं। तीसरे पैनल में शहर आई पहली मेट्रो ट्रेन को हाइड्रोलिक क्रेनों से उतारते दिखाया गया है। चौथे में गुरुदेव मेट्रो स्टेशन की झलक के साथ ही मेट्रो डिपो और ट्रैक का निर्माण दर्शाया गया है।
पांचवें में मेट्रो के ट्रायल रन समारोह के लिए तैयार मंच, छठे पैनल में मेट्रो ट्रेन एवं उसकी खासियत, सातवें में रावतपुर मेट्रो स्टेशन के सामने ट्रैक पर लगा सबसे लंबा स्टील गर्डर, आठवें पैनल में हैलट स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों के बाहर की थीम पेंटिंग, नौवें में पौधरोपण से लेकर मेट्रो रूट के पेड़ों की शिफ्टिंग, दसवें पैनल में ट्रैक निर्माण के लिए यू-गर्डर की स्थापना और 11वें पैनल में निर्माणाधीन अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन की झलक दिखाई गई है।