कानपुर के मान्यवर कांशीराम अस्पताल का कोविड स्टेटस समाप्त कर दिया गया है। शनिवार से अस्पताल में सामान्य ओपीडी चालू हो गई। अस्पताल में ऑपरेशन भी शुरू किए जाएंगे और डिलिवरी भी कराई जाएगी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिनेश सिंह सचान ने बताया कि कई दिनों से कोरोना का एक भी रोगी अस्पताल में नहीं था। आम लोगों को परेशानी न हो, इसलिए ओपीडी शुरू कर दी गई है। कांशीराम अस्पताल में पहले दिन की ओपीडी में 50 रोगी आए। इनमें ज्यादातर डायबिटीज, पेट की बीमारियों के रोगी रहे।
बहुत से रोगियों के तीमारदारों ने अस्पताल आकर कोविड स्टेटस वापस लिए जाने के संबंध में जानकारी ली। इन लोगों को अपने रोगियों का ऑपरेशन कराना है। डॉ. सचान ने बताया कि अब सामान्य रोगियों का सभी तरह का इलाज अस्पताल में शुरू होगा। अगर कोरोना का संक्रमण बढ़ता है तो तीन दिन के नोटिस पर स्टेटस फिर वापस हो जाएगा।