कानपुर में धर्म स्थल खुलने पर मस्जिदों मेें कितने लोग जा सकेंगे? इस पर शहर काजियों ने अलग-अलग बैठकें करके मस्जिदों के पेश इमामों के साथ मशविरा किया। बैठकों में कहा गया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मस्जिदों में जुमा की नमाज तो दो-तीन शिफ्टों में हो सकती है।
पांच वक्त की नमाजों में मस्जिदों की क्षमता के हिसाब से नमाजियों की संख्या तय की जाए। इस मांग को डीएम व डीआईजी के समक्ष रखा जाएगा। शहर काजी मौलाना आलम रजा खां नूरी की अगुवाई में रजबी रोड स्थित हॉल में पेश इमामों से राय मशविरा किया गया।
बैठक में कहा गया कि नमाजियों की संख्या बढ़ाए जाने के मसले में जिला प्रशासन के साथ बैठक में निर्णय होगा। शहर काजी की ओर से गाइडलाइन मस्जिदों के पेश इमामों को दी जाएगी।
शहर काजी हाफिज अब्दुल कुद्दूस हादी ने हलीम प्राइमरी स्कूल की मस्जिद में बैठक की। इसमें तय हुआ कि प्रशासन मस्जिदों की क्षमता के लिहाज से नमाजियों की संख्या की इजाजत दे। प्रशासन इसका आकलन करा ले। यह बात प्रशासन के साथ होने वाली बैठक में रखी जाएगी।