कानपुर में एचएएल में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शनिवार को कई युवा नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचे तो ठगी का पता चला। हंगामा कर पुलिस से मामले की शिकायत की है। बिधनू का सेन पश्चिम पारा गांव निवासी अमित पाल, मनीष कुमार, सोनू कुमार गिरि, दीपू कुशवाहा, अविनाश कुमार, सोनू सचान, मुकेश कुमार विश्वकर्मा, हिमांशु गुप्ता, अभिषेक उत्तम, रविंद्र कुमार गुप्ता, शिवम सचान, नवनीत कमल, इंद्रजीत सिंह, अंकित कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में एचएएल में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती निकली थी।
जिसकी नियुक्ति के लिए फार्म भरा था। फिर अक्तूबर में उन लोगों के पास रोहित नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से काम करवाने वाली कंपनी के चीफ मैनेजर का असिस्टेंट बताया। इसके बाद उन लोगों की आरोपी से 29 अक्तूबर को मुलाकात हुई। आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर 30 हजार रुपये लिए और नियुक्ति पत्र दे दिया गया। शनिवार को जब एचएएल पहुंचे तो नियुक्ति पत्र फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन लोगों ने हंगामा किया। फिर चकेरी थाने में मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।