कानपुर के चार मोहल्ले डायरिया की चपेट में हैं। इन मोहल्लों में डायरिया के 124 नए रोगी मिले हैं। रावतपुर के धनुकाना के दो और गजोधरपुर के चार रोगी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य की टीम ने चार मोहल्लों के घरों का सर्वे किया और डायरिया रोगियों को दवाएं दीं। इसके साथ ही लोगों को ओआरएस घोल के पैकेट और क्लोरीन की गोलियां दी गईं।
खुली नालियों और जलभराव वाले स्थलों पर लार्वीसाइडल दवा का छिड़काव किया गया। लोगों के डायरिया से बचाव के तरीके बताए गए और पानी उबालकर पीने के लिए कहा गया। इन स्थानों पर पेयजल के लिए जल निगम के टैंकरों की व्यवस्था कराई गई है।
डायरिया के अलावा लोग वायरल फीवर, पेट रोग और दूसरी मौसमी बीमारियों की चपेट में हैं। धनुकाना में उल्टी दस्त के लक्षण वाले डायरिया के 107 नए रोगी मिले हैं। इसके साथ ही गजोधरपुर में चार, लोहारन भट्ठा में आठ और जूही बंबुरहिया में डायरिया के पांच रोगी मिले हैं।