फजलगंज थानाक्षेत्र के रिहायशी इलाके गुमटी में 30 साल से बंद पड़े जयहिंद टॉकीज में रविवार शाम आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख दुकानदार अपना सामान बचाने में जुट गए। सूचना पर कर्नलगंज और फजलगंज फायर स्टेशन से पहुंची दमकल की चार गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया।
टॉकीज के बाहर दुकानदारों ने दुकानें खाली कराने के लिए जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:30 बजे जयहिंद टॉकीज से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। इसे देखकर बाजार में अफरातफरी मच गई और दुकानदार अपना सामान निकालने में जुट गए। घनी आबादी वाले गुमटी बाजार में आग की सूचना मिलते ही अफरा तफरी मच गई।
जयहिंद टॉकीज में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
दमकल के जवानों ने टॉकीज के हाल और दूसरी ओर से दो तरह से पानी की बौछार शुरू की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि टॉकीज के भीतर सुंदर फर्नीचर वालों का फर्नीचर रखा था।
जयहिंद टॉकीज में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
चूड़ी दुकानदार मो. नौशाद, रंगाई कारीगर मो. इमरान और पान विक्रेता अनिल त्रिपाठी व पर्स दुकानदार का आरोप है कि केवल दुकानें खाली कराने के लिए आग लगाई गई है। बताया कि पहले यह टाॅकीज आशुतोष रस्तोगी का था। उन्होंने इसे रितेश को बेच दिया है। इसलिए ज्यादातर दुकानदार अब किराया भी नहीं दे रहे हैं।
जयहिंद टॉकीज में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
उन लोगों ने बताया कि बंद टॉकीज में काम कर रहे मजदूरों ने ही कबाड़ में आग लगाई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि टॉकीज के भीतर मजदूर काम कर रहे थे। संभव है कि वेल्डिंग करने के दौरान आग लगी हो। जांच के बाद कारण स्पष्ट होगा। वहीं, बिठूर थानाक्षेत्र के गंगापुर नारामऊ में खेत और मंधना बिठूर रोड पर स्थित ट्रांसफार्मर में आग लग गई।