कानपुर में पहलगाम आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी का दर्द एक बार फिर उभर आया है। इकलौते बेटे को खोने के बाद बची हुई स्मृतियों को देखकर वह समय बिताते हैं, लेकिन पैतृक गांव हाथीपुर में उनकी याद में बने स्मृति द्वार को लेकर परिजन असंतुष्ट हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की निधि से करीब 11 लाख रुपये की लागत से स्मृति द्वार बनकर तैयार हुआ है।
परिजनों का कहना है कि इसमें स्वर्गीय शुभम द्विवेदी लिखा गया है, जो उनके लिए पीड़ा दायक है। पिता संजय द्विवेदी और चाचा ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज द्विवेदी ने बताया कि जम्मू कश्मीर सरकार ने पहलगाम में शहीद स्थल का निर्माण किया है, जहां सभी 26 शहीदों की स्मृति शेष बनाई गई है। इसी तरह बाइसन घाटी में भी शहीद स्थल तैयार हो रहा है, जिसमें सभी के चित्र लगाए जाएंगे और उस जगह को शहीद स्थल नाम दिया गया है।