नौबस्ता में विराटनगर चौकी के पास रविवार रात दोहरे हत्याकांड में चौकी इंचार्ज सुशील कसाना को निलंबित कर दिया गया। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर डीसीपी साउथ ने यह कार्रवाई की है। चकेरी के सजारी कांशीराम कॉलोनी फेज-वन निवासी शिवनारायण त्रिवेदी (57), बेटे सत्यम और शिवम के साथ किदवईनगर स्थित कनक मार्बल में नौकरी करते थे। रविवार रात काम खत्म कर तीनों लोग एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब नौ बजे विराट नगर चौकी के पास दूसरी ओर से आई बाइक से उनकी गाड़ी टकरा गई थी। बाइक सवार करन वर्मा, शिवा वर्मा और उत्सव अवस्थी ने हेलमेट और चाकू से हमला कर दिया था। हमले में शिवनारायण और शिवम की माैत हो गई थी जबकि सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। सरेराह आरोपी तांडव मचाते रहे लेकिन 150 मीटर दूर स्थित विराटनगर चौकी में पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। भीड़ ने एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जांच में संवेदनशील इलाके में नियमित गश्त और निगरानी में लापरवाही सामने आई। इस पर चौकी प्रभारी सुशील कसाना को निलंबित किया गया है। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।