कानपुर के कांशीराम हॉस्पिटल में आवारा कुत्तों का आतंक है। दिनभर अस्पताल के अंदर और वार्डों में घूमा करते हैं। इन्हें रोकने के लिए कोई भी आगे नहीं आता है। रामादेवी स्थित सीएमओ कार्यालय में कटखने कुत्ते ने डाक्टर समेत पांच लोगों को काट लिया। इसके चलते अस्पताल में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने सभी का प्राथमिक उपचार कराने के बाद रैबीज का इंजेक्शन लगवाया।
बारिश और उमस भरे मौसम में कुत्ते भी बेखौफ होते जा रहे हैं। गुरुवार को रामादेवी स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ कार्यालय) में कटखने कुत्ते ने ऑफिस आए पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट के डॉक्टर राधेश्याम व कर्मचारियों समेत पांच लोगों को काट लिया। कुत्ते के काटने के बाद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। इधर, घटना के बाद से पूरे अस्पताल परिसर में लोगों में खौफ है। वहीं, इलाज कराने आ रहे मरीजों के भी मन में डर है।