डेरापुर। थानाक्षेत्र के बेनीपुर गांव में निजी गेस्ट हाउस में लगी टंकी में पानी भरने के दौरान युवक की करंट की चपेट आने से मौत हो गई। उसे बचाने के दौरान बड़ा भाई भी झुलस गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बेनीपुर गांव निवासी सगे भाई दिलीप व अश्वनी उर्फ रंजीत गांव में गेस्ट हाउस चलाते हैं। गुरुवार को गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम होना है। जिसके लिए छोटा भाई रंजीत सबमर्सिबल पंप से पानी की टंकी भर रहा था। उसी दौरान वह खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया।
करंट से रंजीत को तड़पता देख बड़ा भाई दिलीप उसे बचाने पहुंचा तो वह भी चपेट में आ गया। यह देख मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने मेन स्विच बंद किया तो दोनों करंट से छूटे। तब तक रंजीत की मौत हो चुकी थी। दिलीप गंभीर रूप से झुलस गया।
लोगों ने उसे सीएचसी डेरापुर पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई राज बाबू की तहरीर पर करंट लगने से युवक की मौत होने की सूचना दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।