ुलिस गिरफ्त में चोरी की सरिया के साथ पकड़ा गया आरोपी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। पुलिस ने एक ट्रक चोरी की सरिया पकड़ी। सरिया ले जा रहे ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चार युवक पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग गए। सरिया की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
बाघपुर चौकी प्रभारी अमरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बुधवार को चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि निहुटा गांव के एक ईंट भट्टा के पास चोरी की सरिया लदा ट्रक खड़ा है। चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो चार युवक मौके से भाग गए।
वहीं चालक हरिद्वार के रोशनाबाद टिकरी निवासी शिव शर्मा को पुलिस ने पकड़ लिया। उसने बताया कि ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर 20 टन सरिया शिकोहाबाद से लेकर दिल्ली के लिए निकला था।
दिल्ली न जाकर सरिया बेचने के लिए बाघपुर आ गया। कोतवाल मुकेशबाबू चौहान ने बताया कि पुलिस के छापे के दौरान आगरा के शास्त्रीपुरम सिकंदरा निवासी आशीष उर्फ सोनू, अनुज दुबे, धर्मवीर व एक अज्ञात युवक भाग निकला। पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।