ट्रामा सेंटर में मरीज का उपचार करते डॉक्टर आर के गौतम। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल परिसर में पांच साल से बनकर तैयार ट्रामा सेंटर को गुरुवार को चालू कर दिया गया। यहां पहले दिन हड्डी रोग विशेषज्ञ के सहारे ओपीडी शुरू कर करीब 100 मरीजों का उपचार किया गया।
अन्य चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के लिए सीएमएस ने पूर्व में शासन को पत्र भेजा है। सभी की तैनाती होने के बाद पूरी क्षमता से ट्रामा सेंटर संचालन की उम्मीद जगी है।
जिला अस्पताल परिसर में पांच वर्ष पहले 100 बेड का ट्रामा सेंटर तैयार किया गया था। स्टाफ की तैनाती नहीं होने से अभी तक इसका संचालन नहीं शुरू हो सका था। कोरोना के मामले बढ़ने पर यहां दो वर्ष से कोविड अस्पताल चलाया जा रहा है।
वहीं इसकी जानकारी पर पिछले दिनों मुख्य सचिव ने जिले के अधिकारियों से नाराजगी जता ट्रामा सेंटर को चालू करने के निर्देश दिए थे। इस पर सीएमएस ने पिछले दिनों चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा था।
इसके बाद गुरुवार से ट्रामा सेंटर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके गौतम और डॉ. ओम देव की तैनाती कर ओपीडी शुरू की गई। पहले दिन डॉ. आरके गौतम ने हड्डी से जुड़े 100 मरीजों को देखा गया।
संसाधनों के हिसाब से ट्रामा सेंटर चालू करा दिया गया है। अभी हड्डी रोग विशेषज्ञ ओपीडी करेंगे, शासन से और स्टाफ मिलने पर सुविधा बढ़ाई जाएगी।
- डॉ. वंदना सिंह, सीएमएस।