जसवंतनगर (इटावा)। सैफई-जसवंतनगर मार्ग पर बुधवार रात युवक की हत्या के आरोप में चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, इनमें तीन नामजद हैं। आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर जसवंतनगर लाए थे।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पाठक पुरा मोड़ पर मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी प्रशांत उर्फ कल्लू (20) पुत्र संत कुमार कश्यप की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। प्रशांत के चाचा सूरजपाल ने रेनू यादव, आशीष यादव और राहुल बाल्मीकि निवासी नगला बिहारी, करहल, मैनपुरी व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तहरीर में बताया कि घर पर जहारवीर बाबा की ज्योति जलने के उपलक्ष्य में भंडारा था। प्रशांत के पास किसी का फोन आया था। शाम छह बजे आरोपी घर आए और प्रशांत को बाइक पर बैठाकर ले गए। पाठकपुरा गांव के नजदीक लाठी डंड़ो से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चाचा के मुताबिक पिटाई के समय छह हमलावर चार बाइकों पर थे। थाना प्रभारी जसवंतनगर रण बहादुर ने बताया कि आरोपी राहुल के चाचा को पूछताछ के लिए लाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
प्रेम-प्रसंग का मामला
युवक की हत्या के मामले में पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का मामला प्रकाश में आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक का गांव गिरधारी नगला में किसी से प्रेम प्रसंग था। पुलिस मृतक की फोन की कॉल डिटेल की पड़ताल भी कर रही है।