कानपुर देहात। साइबर सेल की सक्रियता से पांच महीने में ठगी का शिकार लोगों में 21 के बैंक खाते में छह लाख 76 हजार 983 रुपये वापस आ गए। इससे उनके चेहरों में रौनक आ गई। इन सभी ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
एसपी सुनीति ने बताया कि जिले में आए दिन साइबर ठगो के मामले सामने आते है। साइबर ठग लोगों को भ्रमित कर व झूठी सरकारी योजनाओं के नाम पर उनके बैक खाते से पैसा पार देते हैं। बातचीत के दौरान ठग ओटीपी व बैंक खाते की डिटेल हासिल कर लेते हैं।
इसके अलावा यूपीआई, गूगल पे, इंटरनेट बैंकिंग व जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से गोपनीय जानकारी कर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी। लोग भी जागरूकता के अभाव में पासवर्ड व ओटीपी बता देते हैं। इससे साइबर ठग चंद मिनट में खाते से रकम पार कर देते हैं।
जिले में भी ऐसे ही कई लोग ठगी का शिकार हुए थे, जिन्होंने साइबर सेल से मदद मांगी थी। इनमें लडुआपुर डेरापुर के महेंद्र कुमार के 1.30 लाख, पातेपुर अकबरपुर के लोकेंद्र सिंह के 1.14 लाख, अकबरपुर के सिपाही लाल के 1.25 लाख, धनीराम पुर रूरा के दुर्गेश शुक्ला के 2600 व अन्य 17 लोगों के 3.5 लाख रुपये उनके बैंक के खातों में वापस कराएं गए।
साइबर सेल प्रभारी अनूप निगम, देवेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, सत्येंद्र कुमार, बलजीत सिंह, सुशील कुमार, अमित कुमार, बृजेंद्र कुमार के सहयोग से यह सफलता मिली।
ठगी होने पर डायल करें यह नंबर
एसपी सुनीति ने बताया कि ठगी होने पर पीड़ित फौरन साइबर सेल के हेल्पलाइन नंबर 7839864535 को डायल कर जानकारी दें। बताया कि कोई व्यक्ति आनलाइन ठगी करता है तो फौरन इस नंबर पर शिकायत करें।