फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर देहात : डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, ग्रामीणों ने फूंक दिया वाहन

विज्ञापन
नटपुरवा गांव में डंपर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। (संवाद) - फोटो : AKBARPUR
विज्ञापन
रूरा। थाना क्षेत्र के नटपुरवा गांव में सोमवार देर शाम रोशनमऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को कुचल दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर छोड़कर चालक फरार हो गया।
विज्ञापन

गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी और मार्ग पर जाम लगा दिया। चार थानों की फोर्स व दो फायर टैंकर लेकर पहुंचे दमकल जवानों ने मशक्कत के बाद आग बुझाई। वहीं पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। सीओ के समझाने पर परिजन माने तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
तिगाई के मजरा नटपुरवा निवासी किसान विजय सिंह का पुत्र दीपू (28) तिगाई में अकबरपुर रोड पर बाइक मरम्मत की दुकान किए है। सोमवार की देर शाम दुकान बंद कर वह बाइक से घर जा रहा था। नटपुरवा के पास पहुंचने पर सामने से आए तेज रफ्तार खाली डंपर ने उसे कुचल दिया।
विज्ञापन

इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ राहगीरों ने हादसा होते देखा तो शोर मचाया। इस पर ग्रामीण दौड़ पड़े। पकड़े जाने से बचने के लिए चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। इधर परिजन रोने बिलखने लगे। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी।
इसके साथ ही रोशनमऊ-तिगाई मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर रूरा, गजनेर, अकबरपुर व मंगलपुर थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जबकि माती से से दो फायर टैंकर लेकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह व कृष्ण कुमार पहुंचे। दमकल जवानों ने मशक्कत कर डंपर की आग बुझाई। इधर पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
हालांकि परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया और डंपर चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ ने परिजनों की हर संभव मदद करने और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद करीब 9.30 बजे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना से परिजन आक्रोशित हो गए थे। उन्हें समझा दिया गया है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। डंपर में आगजनी करने वाले शरारती तत्वों को भी चिह्नित किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें