रूरा। थाना क्षेत्र के बंशीनिवादा गांव में गुरुवार को मौसी के घर में फर्राटा पंखा घुमाते समय करंट से किशोर की मौत हो गई। वह हाईस्कूल का छात्र था। अनहोनी पर परिजन बिलख पड़े।
बनीपारा गांव निवासी रमेश मिश्र का पुत्र आशीष उर्फ भोलू (15) गुरुवार को पास के ही बंशीनिवादा गांव में मौसी आशा देवी के घर गया था। वहां बिजली आने पर उसने फर्राटा पंखा अपनी ओर मोड़ने के लिए छुआ।
करंट लगने से वह फर्श पर गिर गया। इस दौरान पंखा उसके ऊपर गिर गया जिससे कुछ देर में उसकी मौत हो गई। अनहोनी पर मौसी व अन्य परिजन बिलखने लगे। जानकारी पाकर पिता रमेश व मां निशा भी पहुंचीं।
करीब पांच वर्ष पूर्व आशीष के बड़े भाई विशाल की रूरा के गुटैया गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दूसरे बेटे के साथ अनहोनी पर मां व पिता रो रोकर बेहाल हो गए। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना नहीं है।