हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवारों को खासबरा गांव के सामने पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
डाढ़ापुर गांव निवासी रामआसरे (55) बुधवार की रात बाइक से पड़ोसी सुनील (27) के साथ रिश्तेदार की शादी में सिंकदरा के पाल की मड़ैया जा रहे थे। खासबरा मोड़ के सामने मुगल रोड पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रामआसरे को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार के लोग रामआसरे को अकबरपुर के निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। राजपुर थाना प्रभारी अनुराग पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कार चालक की तलाश की जा रही।