रसूलाबाद। फटा नोट देने पर कक्षा चार के छात्र को दुकानदार ने कई थप्पड़ जड़ दिए। इस पर छात्र रोता हुआ रसूलाबाद थाने पहुंचा और पूरा वाकया बताया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भैसायां गांव निवासी राहुल पांडेय ने बताया कि उसका इकलौता बेटा यश पांडेय कस्बे के एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। मंगलवार को वह पढ़ाई के बाद साइकिल से घर आ रहा था। उसने गांधीनगर में एक दुकानदार से बिस्किट खरीदें और 10 रुपये का नोट दिया।
नोट फटा होने के कारण दुकानदार ने दूसरा नोट मांगा तो यश ने और रुपये नहीं होने की बात कही। इस पर दुकानदार ने माधव नगर गांव के पास यश को कई थप्पड़ जड़ दिए। माधव नगर निवासी श्याम सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपी दुकानदार वहां से भाग गया।
पिटाई से यश का कान व गाल लाल हो गया। इसके बाद यश थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीछे से उसके परिजन भी थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।