सरवनखेड़ा सीएचसी में उपस्थिति रजिस्टर देखते एसीएमओ। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सीएमओ ने शनिवार को कार्यालय का निरीक्षण किया तो अधिकारी समेत 20 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, सरवनखेड़ा स्थित पीएचसी का शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे एसीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। यहां चार चिकित्सक और पांच पैरामेडिकल कर्मचारी नहीं मिले।
इस पर सभी का एक दिन का वेतन रोककर जवाब तलब किया गया है। पुखरायां सीएचसी में दांतों के डॉक्टर देरी से पहुंचे तो उन्हें समय से आने की चेतावनी दी गई।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि सुबह 10:20 बजे कार्यालय का निरीक्षण किया तो दो अधिकारी, आठ नियमित कर्मचारी, 10 संविदा कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोक जवाब तलब किया गया है।
काम में सुधार लाने की चेतावनी दे गई है। वहीं, शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा सरवनखेड़ा पीएचसी पहुंचे तो वहां ईएमओ को छोड़ कोई डॉक्टर नहीं मिला। एसीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर देखा तो किसी के हस्ताक्षर नहीं थे।
इस पर उन्होंने चार डॉक्टर और पांच पैरामेडिकल स्टाफ के नाम आगे क्रास लगा दिया। इसके बाद वह सीएचसी पुखरायां पहुंचे तो वहां दंत के डॉक्टर आलोक कुमार 20 मिनट देरी से पहुंचे थे।
एसीएमओ ने उन्हें समय पर आने को कहा। एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि सरवनखेड़ा सीएचसी के नौ स्टाफ का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।