मृतक दयाराम का फाइल फोटो। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। रनियां के आंबेडकर नगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात रोडवेज कर्मी ने किचन में फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जागने पर परिजनों ने शव फंदे से लटका देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र ने रोडवेज अफसरों पर पिता को परेशान करने का आरोप लगाया है।
आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी दयाराम (58) रोडवेज में कैशियर की नौकरी करते थे। मौजूदा समय में उनकी तैनाती कानपुर के चुन्नीगंज बस अड्डे पर थी। गुरुवार की शाम ड्यूटी कर वह घर आए। इसके बाद खाना खाकर वह कमरे में सोने चले गए।
देर रात किचन में छत के कुंडे में रस्सी का फंदा डालकर फांसी लगा ली। शुक्रवार भोर परिजन उठे तो किचन में पिता का शव देखकर उसकी चीख निकल गई। इधर, रोने बिलखने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो किचन में स्टूल पड़ा मिला। पुलिस ने शव फंदे से उतारा। पुत्र अमित ने आरोप लगाया कि पिता अक्सर ऑफिस में काम को लेकर तनाव और अफसरों के रवैए की चर्चा करते थे।
ड्यूटी पर जाने से पहले ही अफसरों के फोन आने शुरू हो जाते थे। इसको लेकर वह तनाव में रहते थे। हालांकि लिखित तौर पर उसने आरोपों को लेकर कोई तहरीर नहीं दी है। अकबरपुर कोतवाल विनोद पांडेय ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।