रूरा रेलवे क्रासिंग पर ट्रैक की मरम्मत करते रेलवे कर्मी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रूरा। कस्बे में सोमवार को ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण पूरे दिन रेलवे क्रॉसिंग बंद रही। सुबह आठ बजे फाटक बंद होने के बाद पहुंचे वाहन सवारों को लौटना पड़ा। कस्बे के दूसरे तरफ बैंकों में आवागमन के लिए लोग परेशान हुए। हालांकि रेलवे ने पहले से इसकी सूचना दी थी। शनिवार व रविवार की रात में क्रासिंग बंद की गई थी। इससे अधिक परेशानी नहीं हुई थी।
पटरी मरम्मत कार्य के लिए दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर स्थित रूरा क्रॉसिंग को दो रातों व एक दिन के लिए बंद करने की योजना बनाई गई थी। इसकी पूर्व में सूचना रेलवे की ओर से दी गई थी। शनिवार व रविवार की रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक क्रासिंग बंद कर ट्रैक मरम्मत कार्य किया गया।
हालांकि रात में फाटक बंद किए जाने से अधिक समस्या नहीं रही। इसके बाद सोमवार की सुबह आठ बजे से फाटक पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया। जानकारी नहीं होने से दूर दराज के कई लोग वाहनों से पहुंचे तो क्रॉसिंग बंद मिली।
इस पर लोगों को वापस लौटकर वैकल्पिक रास्ते से आगे की यात्रा करनी पड़ी। मंडौली या अंबियापुर अंडरपास से होकर जाने में लोगों को करीब दस किमी का चक्कर लगाना पड़ा। इधर रेलवे ट्रैक पर पूरे दिन मरम्मत का काम चलता रहा। साइकिल व बाइक सवार भी क्रॉसिंग से नहीं निकल सके।
केवल पैदल राहगीर निकलते रहे। सुरक्षा के लिए आरपीएफ जवान यहां तैनात रहे। शाम छह बजे तक रेलवे फाटक बंद रहा। पीडब्ल्यूआई रामतीरथ ने बताया कि ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते फाटक बंद किया गया था। इसकी सूचना पूर्व में ही जारी की गई थी।