रसूलाबाद सीएचसी परिसर में रामश्री की मौत पर गमगीन बैठे परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। खेत से आलू बीनकर खाना खाने घर जा रही बुजुर्ग की साड़ी सड़क पार करने के दौरान कार में फंस गई। इस दौरान भागने के चक्कर से कार चालक ने गाड़ी दौड़ा दी। इससे बुजुर्ग कार के साथ 50 मीटर तक घिसटती चली गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बुजुर्ग को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मलगांव महेरा निवासी रामश्री आलमपुर खेड़ा निवासी एक किसान के खेतों में आलू बीनने का काम कर रही थीं। मंगलवार की दोपहर में वह खेत से खाना खाने के लिए पैदल घर जा रही थी।
आलमपुर खेड़ा गांव में छुन्नी की दुकान के सामने सड़क पार करते समय रूरा की तरफ से आ रही कार ने रामश्री को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान उसकी साड़ी कार में फंस गई। वहीं कार चालक ने भागने के लिए वाहन की स्पीड बढ़ा दी।
इससे रामश्री कार में फंसकर करीब 50 मीटर दूर तक घिसटती चली गईं। वृद्धा के कार से छूटने के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी तो मौके पर पहुंचे बेटे सुरेंद्र ने बुजुर्ग को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया।
जहां, डॉ. रवि प्रकाश सोनी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार कार में पुलिस विभाग का स्टीकर भी लगा था। मृतका के बेटे सुरेंद्र व गोविंद मजदूरी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सीएचसी से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।