कानपुर देहात। माती स्थित पाक्सो एक्ट कोर्ट परिसर से फरार हुआ नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में संभावित ठिकानों में दबिश दे रही हैं। वहीं मामले में सिपाही व आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही लापरवाही में सिपाही को एसपी ने निलंबित कर दिया है।
साकेत नगर शिवली के अनिल कुमार को माती जेल से मंगलवार को पाक्सो एक्ट कोर्ट में पेश किया था। सुनवाई के इंतजार में आरोपी को परिसर में बैठा दिया गया। इस बीच वह सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया था।
मौके पर पहुंचे एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ अरूण कुमार सिंह व कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने भारी पुलिस बल के साथ कचहरी के चप्पे चप्पे की तलाशी ली लेकिन आरोपी नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने आसपास इलाके में भी छानबीन कराई। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आरोपी का सुराग पुलिस नहीं लगा पाई। एसपी केशव कुमार चौधरी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शिवली पुलिस के साथ स्वाट टीम को भी लगाया है।
वहीं पेशी पर ले जाने वाले सिपाही यादराम व फरार आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है।