झींझक। किशौरा के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मुख्य विद्युत लाइन के तीन पोल टूट गए। इस वजह से सबस्टेशन ठप हो गया। रात में गुल हुई 70 गांवों और झींझक कस्बा की बिजली सोमवार देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी।
कठिका पारेषण केंद्र से झींझक के शंकरगंज का सब स्टेशन जुड़ा है। किशौरा के पास सड़क किनारे लगे तीन पोल अज्ञात वाहन की टक्कर से रविवार देर रात साढ़े बाहर बजे टूट गए। इससे सब स्टेशन से जुड़े करियाझाला, खमहैला, नासरसेड़ा, किशौरा, रामपुर टप्पेवान समेत 70 गांवों तथा झींझक की बिजली गुल हो गई। पूरी रात गर्मी से लोग बेहाल रहे। सुबह जलापूर्ति नहीं होने से पेयजल संकट रहा। विद्युत कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर टूटे तारों को हटवाया। इसके बाद टूटे पोल बदलवाने के लिए नए पोल मंगवाए गए हैं। जेई झींझक सचिन यादव ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए मरम्मत कार्य चल रहा है।