गौर गांव में मौके से बरामद हुए रसोई गैस सिलिंडर
- फोटो : PUKHRAYAN
कानपुर देहात में भोगनीपुर के गौर गांव में बस्ती के पास गैस टैंकर खड़ाकर सिलिंडरों में रिफलिंग की जा रही थी। जानकारी पर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 12 सिलिंडर बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर जिले के थाना जयसिंहपुर के वीरसिंहपुर गांव निवासी राजू यादव गैस टैंकर चालता है।
वह गौर गांव में बस्ती के पास टैंकर खड़ा करके सिलिंडरों में गैस रिफलिंग कर रहा था। जानकारी पर छापा मारकर टैंकर चालक के साथ गैस रिफलिंग करा रहे गौर गांव निवासी कमलेश तिवारी, विभोर तिवारी, सन्नो तिवारी व महेश संखवार को दबोच लिया। यहां से रसोई गैस के 12 सिलिंडर बरामद हुए हैं। टैंकर का पहिया गड्डे में फंस जाने की वजह से उसे थाने पर नहीं लाया जा सका।
पुलिस की सूचना पर पहुंची क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी उबैद अली व खाद्य निरीक्षक सुमल्लिका सक्सेना ने मामले की जांच की। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी गई है। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बस्ती के पास टैंकर खड़ा कर सिलिंडरों में रिफलिंग कराई जा रही थी। जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।