पीएनबी में आग से जला सामान। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर में माती रोड स्थित पीएनबी की शाखा में मंगलवार भोर शॉट सर्किट से आग लग गई। सूचना पर दमकल जवानों ने करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग बुझाई। बैंक में कंप्यूटर, फर्नीचर व अन्य उपकरण जल गए। करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल तीन दिन तक शाखा में लेनदेन नहीं हो सकेगा।
अकबरपुर में माती रोड पर स्थित पीएनबी की शाखा में सोमवार को काम हुआ। शाम को बैंक बंद कर कर्मचारी चले गए। मंगलवार भोर करीब साढ़े तीन बजे बैंक शाखा से धुआं उठने व सायरन बजने पर पीआरडी जवान ज्ञान सिंह ने यूपी 112 को सूचना दी।
इसके बाद दमकल को अवगत कराया गया। एक फायर टैंकर लेकर दमकल जवान मौके पर पहुंचे। मकान मालिक विश्व स्वरूप ने फोन कर गार्ड को बुलाया और बैंक मैनेजर को भी जानकारी दी। इसके बाद दमकल के जवानों ने आग बुझाई।
इससे पहले कैशियर केबिन, दो कंप्यूटर व फर्नीचर आदि जल गए। पानी की बौछार से उपकरण खराब हो गए। समय से जानकारी मिलने से आग कैश व रिकार्ड रूम तक नहीं पहुंची।
बैंक मैनेजर पियूष श्रीवास्तव ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। जरूरी रिकार्ड व कैश पूरी तरह से सुरक्षित है। कुछ कंप्यूटर जल गए हैं। तीन दिन तक बैंक में लेन देन नहीं होगा। इसकी सूचना बोर्ड पर चस्पा करा दी गई है।