रुरगांव की पशुबाजार में मौजूद मवेशी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सट्टी थाना क्षेत्र के रुरगांव में रोक के बाद भी शनिवार को साप्ताहिक पशु बाजार लगा। जानकारी पर डीएम ने सीवीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुखरायां पशु अस्पताल के चिकित्सक को जांच सौंपी गई है।
जिले में मौजूदा समय में लंपी वायरस की चपेट में आने से कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं, काफी संख्या में मवेशी बीमार हैं। अन्य पशुओं में वायरस का प्रसार रोकने के लिए जिले में पशु बाजार लगाने पर रोक लगाई गई है।
इधर सट्टी थाना क्षेत्र के रुरगांव में शनिवार को पशु बाजार लगा। यहां दो सौ से अधिक मवेशी लेकर पशु व्यापारी व पालक पहुंचे। लोगों के अनुसार रोक के बाद भी मंगलवार व शनिवार को यहां पशु बाजार लग रहा है। यहां दूर दराज से व्यापारी व पशुपालक मवेशी लेकर पहुंच रहे हैं।
इससे लंपी संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। जानकारी पर डीएम नेहा जैन ने सीवीओ डॉ. देवकी नंदन लावनिया को इसकी जांच कराने के निर्देश दिए। सीवीओ ने बताया कि रुरगांव में पशु बाजार लगने की जानकारी मिली है। पुखरायां पशु अस्पताल के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई है। पशु बाजार संचालन की स्थिति मिलने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लंपी वायरस को देखते हुए पशु बाजार लगाने पर रोक है। रुरगांव में पशु बाजार लगने की जानकारी मिली है। सीवीओ को जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - नेहा जैन, डीएम कानपुर देहात।