कानपुर देहात में अकबरपुर डिग्री कॉलेज में आज 43 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। यहां लगाई गईं 14-14 टेबलों पर चारों विधानसभा क्षेत्रों में पड़े मतों की गणना कराई जाएगी। इसके लिए बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वहीं मतगणना स्थल पर अर्धसैनिक बल को तैनात कर दिया गया।
अकबरपुर-रनियां, भोगनीपुर, सिकंदरा व रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 20 फरवरी को पड़े कुल 1321487 मतों की गिनती आज अकबरपुर डिग्री कॉलेज में होगी। बुधवार को बैरिकेडिंग कराने के साथ ही गणना टेबल लगाने का काम कराया गया। आरओ टेबल तैयार कर फीडिंग आदि के लिए कंप्यूटरों को लगाया गया। मुख्य हॉल में भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना होगी। उसके पीछे की तरफ गलियारे में सिकंदरा और रसूलाबाद विधानसभा के मतों की गिनती होगी।
अकबरपुर-रनियां विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना प्राचार्य कक्ष के पास लगाई गई टेबलों पर होगी। अकबरपुर-रनियां में 401 बूथ, रसूलाबाद में 406, सिकंदरा में 420 और भोगनीपुर में 424 बूथ हैं। मतगणना के लिए बुधवार को पूरे दिन व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाती रहीं। इसमें लगे कर्मी जरूरी सामान ले जाते रहे। इधर सुरक्षा को लेकर अर्ध सैनिक बल व पुलिस के जवान मुस्तैद किए गए।
स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे राजनीति दलों के प्रतिनिधि
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि लगातार सीसीटीवी पर ईवीएम स्ट्रांग रूमों की निगरानी कर रहे हैं। मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम की निगरानी के लिए सपा, बसपा व कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रतिनिधि मतगणना केंद्र पर डेरा जमाए हैं। भाजपा का कोई प्रतिनिधि ईवीएम की निगरानी में नहीं लगा है।
पार्किंग स्थल की सफाई में जुटे रहे कर्मी
अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए स्थल की साफ सफाई का काम पूरे दिन चला। कॉलेज गेट के ठीक सामने केडीएम कार्यालय के पास अफसरों के वाहनों की पार्किंग होगी। यहां नगर पंचायत के कर्मी बुधवार को साफ सफाई करते रहे।
मतगणना टेबल के आगे लगाई लोहे की जाली
राजनीतिक दलों के अभिकर्ता टेबल पर मतों की गणना कुछ दूर से देख सकेंगे। मतगणना टेबलों तक अभिकर्ता न पहुंचे इसके लिए बैरिकेडिंग कराने के साथ ही लोहे की जाली लगाई गई है। भोगनीपुर विधानसभा की मतगणना हॉल के अंदर होगी तो प्रकाश के लिए यहां एलईडी बल्ब लगाए गए हैं।
मतगणना कार्मिकों को दिया द्वितीय प्रशिक्षण
मतगणना को लेकर कार्मिकों को माती ईको पार्क में बुधवार को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मतगणना को सकुशल तरीके से कराने के लिए बारीकियों को सीख लें। छोटी सी गलती पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करती है। इस दौरान प्रेक्षक सरिता बाला ओम प्रजापति, पी बसंत, एसपी स्वप्रिल ममगाई, सीडीओ सौम्या पांडेय आदि उपस्थित रहे।