कानपुर देहात। माती कचहरी में अब तक कोविड के चार मामले आ चुके हैं। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए हाईकोर्ट ने अधीनस्थ न्यायालयों के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके अनुपालन में जिला जज ने सभी कोर्ट में आरोपियों की पेशी पर रोक लगा दी है। साथ ही थर्मल स्कीनिंग के बाद ही वादकारी व अधिवक्ताओं को अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
माती कचहरी में जिले के 16 थानों के अलावा कानपुर ग्रामीण क्षेत्र के थाने भी जुड़े हैं। इससे बड़ी संख्या में वादकारी कानपुर से आते हैं। वहीं अधिकांश कर्मचारी व अधिवक्ता कानपुर नगर से आवागमन करते हैं। कोविड संक्रमण कानपुर में तेजी से बढ़ रहा है साथ ही कचहरी में भी चार लोग पॉजिटिव आ चुके हैं।
हाईकोर्ट ने जिला न्यायालयों के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है। इसी क्रम में जिला जज अनिल कुमार झा ने जिले के सभी कोर्ट में भीड़ कम करने के लिए आरोपियों की पेशी पर रोक लगा दी है। अब वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी कराई जाएगी।
वहीं चेंबर न होने की वजह से अधिवक्ता कचहरी भवन के अंदर ही बैठते हैं। इससे वादकारियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकी है। जिला जज ने भवन के मुख्य गेट पर वादकारियों व अधिवक्ताओं ने नियमित रुप से थर्मल स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भवन, खिड़की, दरवाजे सैनिटाइज करने के लिए कहा है।