रूरा (कानपुर देहात)। कानपुर देहात में डेंगू से मौतों का सिलसिला थमा नहीं है। रविवार को गैजामऊ रूरा की अंजली उर्फ लाली (13) की डेंगू बुखार से मौत हो गई। उसका कानपुर नगर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। गैजूमऊ गांव निवासी नरेंद्र ने बताया के बेटी अंजली उर्फ लाली (13) एक महीने से श्यामनगर, कानपुर नगर में मामा सुनील के घर में रहती थी। मामा के घर में ही उसे एक सप्ताह पहले तेज बुखार आया। परिजनों ने पहले एक निजी चिकित्सक को दिखाया।
उसकी दवा से अंजली की तबियत में सुधार नहीं हुआ। तब उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। खून के जांच में अंजली को डेंगू की पुष्टि हुई थी। रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोपहर बाद परिजन अंजली का शव लेकर गांव पहुंचे, तो कोहराम मच गया। रिश्तेदारों ने दुखी परिजनों को ढांढस बंधाकर शांत कराया।