रायपुर में जांच करते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। रायपुर में सर्विस रोड पर बने हाईवे के नाले में शुक्रवार को युवक का शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। राहगीरों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
अकबरपुर क्षेत्र के रायपुर में बजरंग मंदिर के पीछे हाईवे की सर्विस रोड गुजरी है। इसके बाद बने नाले में शुक्रवार को युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने पानी में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। इस पर डॉयल 100 व रनियां चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बाद भी युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक ने सफेद टी शर्ट, काले रंग का पैंट पहन रखा
था। रनियां चौकी प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि युवक के पास पहचान संबंधित कोई वस्तु नहीं मिली है। शरीर पर जाहिरा चोट के निशान भी नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।