करन की मौत पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। मंगलपुर के किशौरा गांव में बकरियों के लिए पेड़ पर चढ़कर पीपल के पत्ते तोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद डाल में फंसे शव को नीचे उतरवाया।
इसके चलते लगरथा रोड स्थित बिजली उपकेंद्र से जुड़े सौ गांवों व कस्बे के दो मोहल्लों में चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। शव उतारे जाने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
बुद्धनगर झींझक निवासी राजू चक्रवर्ती बकरियां पाले हैं। शनिवार की सुबह राजू का बेटा करन (16) बकरियों के लिए किशौरा गांव में सड़क के किनारे लगे पीपल के पेड़ से पत्ते तोड़ने गया था। वह पेड़ पर चढ़कर पत्ते तोड़ रहा था, तभी पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार से उसका हाथ छू गया।
करंट की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इससे शव पेड़ की डाल में फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर करन के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद शव को पेड़ से उतारा गया।
इस बीच करीब 100 गांवों व झींझक के भोलानगर और खानपुर रोड मोहल्ले की बिजली आपूर्ति सुबह सात से 11:20 बजे तक बंद रही। जेई झींझक आरबी बाथम ने बताया कि शव पेड़ की डाल में फंसे होने से आपूर्ति बंद की गई थी।
शव हटने के बाद बिजली आपूर्ति चालू करा दी गई। वहीं, करन की मौत से मां पिंकी, पिता राजू, भाई रोहित व बहन रोशनी व डाली का रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी एसके मिश्र ने बताया कि करन के परिजनों की तरफ ले अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।