अस्पताल में भर्ती पति सुरजीत। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के ठेनामऊ गांव में विवाद के बाद दंपती ने घर में फंदा लगा लिया। जानकारी पर लोगों ने दोनों को फंदे से उतारा। इससे पहले पत्नी की मौत हो गई। गंभीर हालत में पति को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। विवाहिता के पिता ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
ठेनामऊ गांव निवासी सुरजीत का पत्नी ज्योति (23) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि ज्योति ने कमरे की छत के कुंडे में दुपट्टा से फंदा लगा लिया। वहीं, सुरजीत ने बरामदे की छत के कुंडे में रस्सी से फंदा लगा लिया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर पड़ गई। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग जुटे और दंपती को फंदे से उतारा। इससे पहले ज्योति की मौत हो गई। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने गंभीर हालत में सुरजीत को हवासपुर सीएचसी पहुंचाया, वहां से उसे झींझक सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, अनहोनी की जानकारी मिलने पर बिल्हा रसूलाबाद से ज्योति के पिता उदय सिंह ठेनामऊ पहुंचे।
उन्होंने मंगलपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुत्री ज्योति का विवाह 25 जून 2018 को ठेनामऊ गांव निवासी सुरजीत के साथ किया था। शादी के बाद से ही पुत्री को पति, ननद व सास तीन लाख रुपये व बाइक की मांगकर प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी पुत्री ने फोन पर दी थी।
गुरुवार की सुबह सभी लोगों ने पुत्री की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया। निरीक्षक मंगलपुर थाना अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या में तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।