झींझक। करियाझाला मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सीएचसी से एक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
छोटा सुनाथा गांव निवासी किसान महेंद्र सिंह (45) शुक्रवार की रात गांव के ही समीर (50) के साथ बाइक से झींझक किसी काम से आए थे। करियाझाला मोड़ के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर शिरोमणि ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर महेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
समीर को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जिला अस्पताल में महेंद्र की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। मंगलपुर थाना प्रभारी एसके मिश्र ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है।